देर रात दून मेडिकल कॉलेज पहुंचे सीएम धामी, बोले स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं।

उत्तराखंड पुलिस उत्तराखंड शासन उत्तराखण्ड स्वास्थ्य

देहरादून। पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार रात्रि राजकीय दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय पहुंचकर अस्पताल व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। देर रात के इस दौरे से अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया और सक्रियता बढ़ गई।

मुख्यमंत्री ने आपातकालीन कक्ष, वार्डों, दवा वितरण केंद्र, स्वच्छता व्यवस्था तथा मरीज सुविधाओं का जायजा लिया। भर्ती मरीजों व तीमारदारों से बातचीत कर उपचार, दवाओं, जांचों व अन्य व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर नागरिक को समय पर सुलभ व गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।

अधिकारियों को स्पष्ट आदेश दिए कि स्वच्छता, दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सक स्टाफ उपस्थिति व जांच सेवाओं में ढिलाई बर्दाश्त नहीं। गंभीर मरीजों के उपचार में विशेष सतर्कता बरतें तथा तीमारदारों को समय पर जानकारी दें। सरकारी अस्पताल निजी अस्पतालों से बेहतर व भरोसेमंद बनें, यह प्राथमिकता है।

स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने हेतु राज्य सरकार संसाधन बढ़ा रही है। आमजन को कोई असुविधा न हो, इसे सुनिश्चित करें। देर रात निरीक्षण ने स्वास्थ्य विभाग को सतर्क कर दिया तथा व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के संकेत दिए।