उत्तराखण्ड सरकार ने नीट (यूजी)-2026 की पुनः परीक्षा में सम्मिलत होने वाले राज्य के स्थायी निवासियों को उत्तराखण्ड परिवहन निगम (UTC) की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा देने का निर्णय लिया है। यह सुविधा केवल प्रवेश पत्र प्रस्तुत करने वाले उन अभ्यर्थियों के लिए मान्य होगी जो परीक्षा में पुनः भाग ले रहे हैं। प्राप्त आदेश के अनुसार, यह मुफ्त यात्रा लाभ केवल उत्तराखण्ड परिवहन निगम द्वारा संचालित साधारण श्रेणी की बसों पर तथा परीक्षा केंद्र के नजदीकी मार्गों के लिए लागू होगा।
सुविधा का समय-सीमा परीक्षा की तिथि से 02 दिन पूर्व से शुरू होकर परीक्षा की तिथि तक के आने की यात्रा और परीक्षा समाप्ति की तिथि से 02 दिन तक वापसी की यात्रा के लिए मान्य रहेगी। अभ्यर्थी अपने स्थायी निवास स्थान या वर्तमान प्रवास स्थान से परीक्षा केंद्र तक व वापस इसी अवधि में मुफ्त यात्रा का लाभ उठा सकेंगे।यह निर्णय परिवहन सचिव द्वारा जारी आदेश के माध्यम से प्रबंध निदेशक, उत्तराखण्ड परिवहन निगम को भेजा गया है।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सुविधा का लाभ केवल उत्तराखण्ड के स्थायी निवासियों को ही दिया जाएगा और यह केवल प्रवेश पत्र के प्रमाण पर ही मान्य होगी। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों से अनुरोध है कि वे यात्रा के समय अपना मूल प्रवेश पत्र साथ रखें और आवश्यक होने पर संबंधित बस स्टाफ को प्रस्तुत करें, ताकि उन्हें सुगमता से निःशुल्क यात्रा मिल सके।
